दोपहर होते ही फिर उबलने लगा मुंगेर, एसपी कार्यालय पर हमला बासुदेवपुर ओपी समेत अन्य थाने को किया आग के हवाले
दोपहर होते ही फिर उबलने लगा मुंगेर, एसपी कार्यालय पर हमला बासुदेवपुर ओपी समेत अन्य थाने को किया आग के हवाले...
Munger News : मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई हिंसा के बाद पुलिस के खिलाफ लोगों का गुस्सा चरम पर है। एसपी लिपि सिंह के कार्यालय पर लोगों ने हमला कर दिया है। इसके बाद भीड़ ने बासुदेवपुर ओपी में भी आग लगा दी। भीड़ अब वहां से मुफस्सिल थाने की ओर रवाना हो गई है। मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए बवाल और फायरिंग की घटना से लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिल रहा है। मूर्ति विसर्जन की रात पुलिस की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। बुधवार को मुंगेर में मतदान था। लेकिन, गोलीबारी की घटना की वजह से वोटिंग प्रतिशत कम रहा। बुधवार को तो चुनाव को लेकर वहां सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त थी। लेकिन, गुरुवार को सुरक्षा बलों के जाते ही लोग जमा होने लगे। एसपी कार्यालय के पास करीब पच्चीस से तीस हजार लोगों के जमा होने की खबर है।खबर यह भी है कि भीड़ ने वहां एक जज के आवास पर भी पथराव किया है।
जस्टिस फ़ॉर अनुराग नाम से बने संगठन के अलावे गुरुवार को शहरवासियों का हुजूम निकल पड़ा। जिस ग्रुप ने पहले कोतवाली थाने का घेराव किया। इस दौरान लोगों की भीड़ एसपी कार्याल के पास भी पहुंची। वहां मौजूद पुलिस बल ने बल प्रयोग करना चाहा। जिससे शहरवासियों का आक्रोश तेज हो गया। इसके बाद एसपी कार्यालय पर पथराव शुरू कर दिया। जिसमें एक वाहन का शीशा टूट गया। साथ ही शहर के सराय मांडी में सड़क पर लोगों ने आगजनी की है।
दरअसल, शहर के दीनदयाल उपाध्याय चौक पर सोमवार की देर रात प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस बल पर भीड़ की ओर से फायरिंग और पथराव की खबर आई थी। पुलिस का कहना था कि भीड़ की ओर से पुलिस पर फायरिंग की गई है। इसमें एक थानेदार का सिर फट गया था और 20 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। वहीं, अनुराग पोद्दार नाम के व्यक्ति की मौत हो गई थी। जबकि, 7 लोग घायल हुए थे।

कोई टिप्पणी नहीं: